फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 नवंबर 2025 आज रोज़ी पब्लिक स्कूल, फतेहगढ़ में विद्यालय की 25वीं वर्षगांठ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस विशेष अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्री सत्यमोहन पांडेय द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल आदरणीय श्री शिव प्रताप शुक्ल जी ने पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल महोदय ने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और शिक्षा ही वह आधार है जो छात्रों को एक बेहतर भविष्य की ओर ले जाती है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और 25 वर्षों की सफल शैक्षणिक यात्रा का शानदार उत्सव पूरी गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
रोज़ी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक श्री सत्यमोहन पांडेय ने राज्यपाल महोदय का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
