फर्रुखाबाद:कायमगंज तहसील में तहसील दिवस पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनी फरियादें, दिए आवश्यक निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 नवंबर 2025 तहसील दिवस के अवसर पर आज कायमगंज तहसील में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह फतेहगढ़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुँचे फरियादियों की शिकायतों व समस्याओं को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस से जुड़ी समस्याएँ, प्रमाण-पत्र संबंधित मामले तथा अन्य विभागीय शिकायतें सामने आईं।

अधिकारियों ने सभी मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की परेशानियों का समाधान करना है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी से करें।

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर समय पर कार्रवाई की जाए।

वहीं अपर जिलाधिकारी ने राजस्व व अन्य विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिथिलता या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तहसील दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे और अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई समाप्त होने तक अधिकांश प्रकरणों में तत्काल निर्देश दिए जा चुके थे।