फर्रुखाबाद:’वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सजीव प्रसारण देखा गया, स्वदेशी का संकल्प लिया गया

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 राष्ट्रवाद के अग्रदूत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा वर्ष 1875 में रचित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जनपद फर्रूखाबाद में विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक वाचन एवं स्वदेशी का संकल्प कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में देखा और सुना गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत की गूंज से पूरा सभागार देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को अपनाने तथा राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स, जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार चौरसिया, कलेक्ट्रेट कर्मी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद भर के बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा संस्थानों में भी इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक व जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति का संदेश दिया।

यह आयोजन न केवल राष्ट्रप्रेम का प्रतीक रहा बल्कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी भावना को सशक्त करने का भी प्रेरणास्रोत बना।