फर्रुखाबाद:पुलिस पिटाई से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने वाले युवक के शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान जांच जारी।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2025 हथियापुर चौकी क्षेत्र में कथित पुलिस प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने वाले युवक दिलीप राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, युवक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं। दिलीप की मौत फांसी लगाने से हुई बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, दिलीप राजपूत ने आत्महत्या से पूर्व अपनी पैंट पर सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी के कहने पर पुलिस ने उसकी पिटाई की है। इस मामले में हथियापुर चौकी के उपनिरीक्षक अजय कुमार ने ही मृतक का पंचनामा भरा। वहीं, पत्नी नीरज की शिकायत के बाद हल्के के सिपाही यशवंत यादव एवं महेश उपाध्याय दिलीप को बुलाकर पुलिस चौकी ले गए थे, जहां राजीनामा के प्रयास के दौरान उपनिरीक्षक अजय कुमार भी मौजूद थे। चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों को लेकर पुलिस ने कहा है कि साक्ष्य संकलन में यह फुटेज अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि, अब तक थाने को सिपाहियों को लाइन हाजिर किए जाने का कोई आदेश नहीं प्राप्त हुआ है, जिसके चलते उन्हें पुलिस लाइन नहीं भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मृतक दिलीप की मौत फांसी से हुई है, और पोस्टमार्टम में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी साक्ष्यों को ध्यानपूर्वक संकलित कर निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि किसी की लापरवाही या दोष सिद्ध होता है तो कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अब संवेदनशील बनता जा रहा है और परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की अपील की है। पुलिस विभाग पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं कि क्या कानून के रखवाले ही आम नागरिकों के लिए डर का कारण बनते जा रहे हैं।