फर्रुखाबाद:“नो हेल्मेट, नो फ्यूल” अभियान से सड़क सुरक्षा को मिलेगी मजबूती, डीएम की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने ‘‘नो हेल्मेट, नो फ्यूल’’ अभियान को जनआंदोलन के रूप में चलाने के निर्देश दिए तथा राह-वीर योजना और हिट एंड रन पीड़ित मुआवजा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

सड़क दुर्घटनाओं की चिंताजनक स्थिति

बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) श्री सुभाष राजपूत ने बताया कि सितंबर 2025 में जनपद में 39 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 19 व्यक्तियों की मृत्यु और 27 घायल हुए। पिछले वर्ष की तुलना में दुर्घटनाओं में 143% वृद्धि और मृतकों की संख्या में 111% वृद्धि दर्ज की गई।

राज्य स्तर पर मृतकों की बढ़ती संख्या में फर्रूखाबाद का दूसरा स्थान होने को अत्यंत चिंताजनक बताया गया।

 “नो हेल्मेट, नो फ्यूल” अभियान से जागरूकता

सितंबर 2025 में ‘‘नो हेल्मेट, नो फ्यूल’’ विशेष अभियान चलाया गया था। परिवहन विभाग ने 438 चालान किए (पिछले वर्ष 247) पुलिस विभाग ने 1124 चालान किए (पिछले वर्ष 1542)

एआरटीओ ने बताया कि जनपद की 65% दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल हैं, जबकि 60% मृतक दोपहिया सवार हैं।

“राह-वीर योजना” और “कैशलेस उपचार स्कीम”

बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार की “सड़क दुर्घटना पीड़ितों का नकदी रहित उपचार स्कीम 2025” के तहत प्रत्येक घायल को सात दिनों तक ₹1.5 लाख तक के नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।

साथ ही, “राह-वीर योजना” (21 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक) के अंतर्गत किसी भी गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर (1 घंटे) में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 का पुरस्कार मिलेगा।

“हिट एंड रन” पीड़ितों के लिए मुआवजा

“हिट एंड रन मोटर दुर्घटना मुआवजा योजना 2022” के तहत, मृत्यु की दशा में ₹2 लाख

गंभीर घायल होने पर ₹50,000 का मुआवजा दिया जाएगा।

जनपद में वर्ष 2025 में अब तक 77 हिट एंड रन दुर्घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिनमें 62 मौतें और 40 घायल हुए हैं।

सड़कें हों गड्ढामुक्त — डीएम के निर्देश

बैठक में व्यापार प्रतिनिधि मुकेश गुप्ता ने ट्रैफिक लाइट के टाइम इंटरवल को कम करने और फर्रूखाबाद–छिबरामऊ मार्ग की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों को तत्काल गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

बैठक में सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा, अधिशासी अभियंता मुरलीधर, अशोक कुमार (नि0ख0), विश्वास मिश्रा (NHAI), विनोद कुमार (ईओ नगर पालिका), राजेश कुमार (एआरएम), दीपक कुमार (NIC) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चालकों को हेल्मेट पहनने की आदत डालनी होगी, तभी अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।