फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 जनपद में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मामला दहेज हत्या से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। परिजनों के आरोप पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला क्या है?
जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दुडियापुर निवासी जितेंद्र यादव पुत्र महेंद्र यादव की शादी थाना कमालगंज के ग्राम नौसारा निवासी रिटायर्ड होमगार्ड रामआसरे की पुत्री सुमन उर्फ मोहनी यादव (20 वर्ष) के साथ हुई थी। पीड़िता के पिता रामआसरे ने बताया कि बेटी की शादी में लगभग 8 लाख रुपये खर्च किए गए थे। बीती शाम करीब 9 बजे सुमन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पति जितेंद्र ने अपने पिता रामआसरे को फोन कर जानकारी दी और उसे स्थानीय प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाया गया। हालत गंभीर होती देख रात 11:30 बजे उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का आरोप
सुमन के स्वजन मौके पर अस्पताल पहुंचे और आरोप लगाया कि उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई है। उनका कहना है कि सुमन की शादी के बाद से ही लगातार दहेज की मांग की जा रही थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे और वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति जितेंद्र का कहना है कि सुमन ने कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद दूध पी लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।
नामजद मुकदमा दर्ज
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति जितेंद्र यादव, ससुर महेंद्र सिंह, सास (अज्ञात नाम), जेठ विजेंद्र सिंह, जेठानी अज्ञात नाम पत्नी विजेंद्र सिंह और अमन पुत्र अरविंद निवासी ग्राम दुडियापुर, थाना नवाबगंज को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सच्चाई स्पष्ट होगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है।
