फर्रुखाबाद:ग्राम गुतासी में कायाकल्प की नई कहानी: विद्यालय सौंदर्यीकरण कार्य युद्धस्तर पर जारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 जुलाई 2025 जनपद के बढ़पुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुतासी एक बार फिर विकास की नई मिसाल पेश कर रही है। गांव को नाली मुक्त, स्वच्छ और पक्की सड़कों से सुसज्जित करने के बाद अब ग्राम प्रधान श्री आशीष मिश्रा द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय का कायाकल्प युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।

विद्यालय के मुख्य द्वार को भव्य रूप देने का कार्य जारी है, वहीं पूरे परिसर में सौंदर्यीकरण और संरचनात्मक विकास की योजना तेजी से क्रियान्वित की जा रही है। शिक्षा के बेहतर माहौल के लिए भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, पेयजल व्यवस्था, हरियाली और आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

ग्राम प्रधान आशीष मिश्रा का कहना है कि “गांव का विकास तभी पूर्ण होगा जब शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। हमारा प्रयास है कि विद्यालय बच्चों के लिए प्रेरणादायक, सुरक्षित और आकर्षक बने।”

ग्राम गुतासी पहले ही जनपद और प्रदेश में आदर्श पंचायत के रूप में पहचान बना चुका है। साफ-सफाई, पक्की सड़कों और हरियाली से सजे इस गांव में प्रवेश करते ही विकास की गाथा स्वयं बयां होने लगती है। अब विद्यालय के कायाकल्प के साथ यह पंचायत शिक्षा के क्षेत्र में भी मिसाल बनने की ओर अग्रसर है।

सूत्रों की मानें तो विद्यालय के नए स्वरूप के अनावरण कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री के शामिल होने की संभावना है, जिससे गांव की इस पहल को और भी प्रोत्साहन मिलेगा।

ग्राम गुतासी अब सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास का आदर्श बन चुका है।