फर्रुखाबाद: एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी सातनपुर में नए आलू की हुई एंट्री, आढ़तों पर हुआ शुभारम्भ

फर्रुखाबाद:( द दस्तक 24 न्यूज़) 23 नवम्बर 2025 एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी के रूप में प्रसिद्ध सातनपुर मंडी में आज नए आलू की आवक का शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर आढ़तियों ने विधि-विधान से पूजन किया, प्रसाद का वितरण किया और दुकानों का मुहूर्त कर नए सीज़न का स्वागत किया।

मंडी में आज सबसे पहले मेसर्स सुरेश कुमार विजय कुमार तथा मेसर्स विकास यादव–गौरव यादव की आढ़तों पर नए आलू की आवक दर्ज की गई। दोनों आढ़तों पर मिलाकर लगभग 100 पैकेट नए आलू आए। एक पैकेट में लगभग 50 किलो आलू भरा होता है। मिली जानकारी के अनुसार—

छोटे साइज के आलू का पैकेट: ₹551 प्रति पैकेट

बड़े साइज के आलू का पैकेट: ₹651 प्रति पैकेट

इसी बीच मंडी के व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज में भंडारित पुराने आलू की भारी मात्रा ने नए आलू के बाजार पर दबाव बना दिया है। पुराने आलू का पैकेट अभी ₹800 से ₹900 में बिक रहा है। यही कारण है कि नए आलू की शुरुआती कीमतें अपेक्षाकृत सामान्य रहीं और आने वाले दिनों में भी मंदी का रुख बने रहने की संभावना जताई जा रही है। मंडी में नए आलू की आमद के साथ किसानों और व्यापारियों में नए सीज़न को लेकर उत्साह है, लेकिन बाजार की स्थिति आगे कीमतों का रुख तय करेगी।