फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 दिसम्बर 2025 जनपद में 05 दिसंबर को लगेगा जनजागरूकता शिविर भारत सरकार वित्तीय क्षेत्र में बिना दावे वाली संपत्तियों को नागरिकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से देशभर में तीन माह का विशेष राष्ट्रव्यापी अभियान “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” चला रही है। यह अभियान अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 4 अक्टूबर को गांधीनगर, गुजरात में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमति निर्मला सीतारमण द्वारा किया गया।
अभियान का उद्देश्य
इस अभियान का मुख्य लक्ष्य नागरिकों को उनकी बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों—जैसे बैंक जमा, बीमा पॉलिसी, शेयर, लाभांश और म्यूचुअल फंड आय—के बारे में जागरूक करना तथा उन्हें सही दावे की प्रक्रिया समझाना है। वित्तीय सेवाएँ विभाग (डीएफ़एस), भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI), IRDAI, SEBI और IEPFA इस अभियान में संयुक्त रूप से भाग ले रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में तेजी से चल रहा अभियान
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, उत्तर प्रदेश (SLBC-UP) के समन्वय में यह अभियान प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से संचालित हो रहा है। अब तक 38 जिलों में शिविर लगाए जा चुके हैं। अगले चरण में 5 दिसंबर 2025 को फर्रुखाबाद जिले में जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविरों में क्या मिल रहा है—एक नज़र
शिविरों में नागरिकों को निम्न सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँग—अपनी बिना दावे वाली संपत्तियों का पता लगाना। बैंक, बीमा, शेयर, लाभांश, म्यूचुअल फंड के पुराने रिकॉर्ड की पहचान।डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से चरण-दर-चरण दावा प्रक्रिया। रिकॉर्ड अपडेट करने में सहायता। नामांकन, केवाईसी और दस्तावेज़ संबंधी मार्गदर्शन
सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक अपनी मेहनत की कमाई को वापस हासिल कर सके। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि वैध राशि संबंधित व्यक्ति, नामांकित व्यक्ति या कानूनी उत्तराधिकारी को सरल प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त हो सके।
वित्तीय समावेशन प्रदर्शनी भी होगी
शिविर के दौरान वित्तीय समावेशन प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न वित्तीय संस्थान—बैंक, बीमा कंपनियाँ, म्यूचुअल फंड संस्थान, पेंशन निकाय अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं, उत्पादों और सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।
नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण पहल
यह राष्ट्रव्यापी अभियान न केवल बिना दावे वाली संपत्तियों को वापस दिलाने का प्रयास है, बल्कि नागरिकों को वित्तीय रूप से सशक्त करने और हर घर में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
फर्रुखाबाद के नागरिक 5 दिसंबर को आयोजित होने वाले शिविर का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक हकदारी को सुनिश्चित कर सकते हैं।
