फर्रुखाबाद:मोहम्मदाबाद में राष्ट्रीय एकता मार्च सम्पन्न, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल रहे मुख्य आकर्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 नवम्बर 2025 सरदार पटेल की 150वीं जयंती अभियान कार्यक्रम के तहत जनपद फर्रुखाबाद की भोजपुर विधानसभा के मोहम्मदाबाद में आज राष्ट्रीय एकता मार्च का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने विशेष तौर पर सहभागिता की।

मार्च की शुरुआत एसएम इंटर कॉलेज, मोहम्मदाबाद से हुई, जो मोहम्मदाबाद चौराहे से आगे बढ़ते हुए मोहन पैलेस में एक जनसभा के साथ संपन्न हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल तिरंगा ध्वज थामे कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों के साथ आगे बढ़ते हुए “सरदार पटेल अमर रहें” और “वंदे मातरम” के नारे लगाते रहे।

आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पत्र पढ़ाकर कराई शपथ

मोहन पैलेस में आयोजित जनसभा में प्रकाश पाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल की जयंती पूरे देश में एक उत्सव के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक निर्णय लिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उनके योगदान को नए रूप में सम्मानित कर रहा है।

प्रकाश पाल ने कहा कि यदि स्वतंत्रता के बाद सरदार पटेल प्रधानमंत्री बने होते तो देश की तस्वीर अलग होती, लेकिन कांग्रेस की गलत नीतियों के चलते देश पीछे चला गया। 2014 में भाजपा की बहुमत सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने लौह पुरुष के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया और विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” स्थापित कर वैश्विक स्तर पर पटेल के महत्व को दर्शाया।

उन्होंने आगे कहा कि भारत आज विश्व शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर भारत अभियान में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वदेशी अपनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” के मंत्र के साथ भारत आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से अग्रसर है।

बिहार चुनाव का भी किया उल्लेख

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम बताते हैं कि जनता का विश्वास भाजपा और मोदी नेतृत्व में लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।

विधायक और पदाधिकारियों ने भी रखा अपना पक्ष

भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं जिन्होंने भारत की अखंडता के लिए साहसिक निर्णय लिए।

क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल की भूमिका स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय रही, लेकिन कांग्रेस ने उनके योगदान को कमतर दिखाने का प्रयास किया। भाजपा सरकार ने उन्हें वास्तविक सम्मान दिया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि मोदी सरकार बनने के बाद देश की महान विभूतियों को सही सम्मान मिला है। कांग्रेस के परिवारवाद और तुष्टिकरण की नीति के कारण देश वर्षों तक भ्रष्टाचार और आतंकवाद से जूझता रहा, लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर सुशासन स्थापित किया है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

जनसभा का संचालन जिला मंत्री गोपाल राठौर ने किया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री डीएस राठौर, नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कटिहार व रूपेश गुप्ता, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटिहार, पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, पूर्व सैनिक प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष अनुज राजपूत सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

स्कूल के बच्चों ने “वंदे मातरम” गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशभक्ति का अद्भुत वातावरण बना दिया।