फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 दिसंबर 2025 जनपद न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का उद्घाटन माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायाधीश/प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री सुभाष चंद्र शर्मा ने जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार के साथ संयुक्त रूप से किया।
माननीय न्यायमूर्ति प्रातः 10:30 बजे जनपद न्यायालय फतेहगढ़ पहुंचे, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके उपरांत उन्होंने न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार सहित न्यायिक अधिकारीगण—श्रीमती शैली राय, अभिनितम उपाध्याय, शैलेंद्र सचान, तरुण कुमार सिंह, श्रीमती रितिका त्यागी, मेराज अहमद, दीपेंद्र कुमार सिंह, अवधेश तिवारी, अंकित मित्तल, सीजेएम घनश्याम शुक्ला, ज्ञानेंद्र कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला जज श्री संजय कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री संजय कुमार ने लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य लंबित वादों का त्वरित, सरल और आपसी सुलह के माध्यम से निस्तारण करना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन को कम खर्च में शीघ्र न्याय प्राप्त होता है, जिससे न्यायालयों पर मुकदमों का भार भी कम होता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी, फौजदारी, पारिवारिक, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, राजस्व एवं बिजली विभाग से संबंधित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। बड़ी संख्या में वादों का सफल समाधान हुआ। बैंक, बीमा, जिला उपभोक्ता फोरम, मोटर एक्सीडेंट क्लेम तथा पारिवारिक मामलों का निपटारा न्यायाधीशों द्वारा किया गया।
इस दौरान अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार राणा (डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल) ने वादकारियों को विधिक परामर्श देकर निस्तारण में सहयोग किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिवक्ता शिव नरेश सिंह, रघुवर दास एवं ओम प्रकाश गौतम ने भी अधिकारियों को सहयोग प्रदान किया।
बार एसोसिएशन फतेहगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री जवाहर सिंह गंगवार एवं पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र कुमार ने माननीय न्यायमूर्ति को ‘विधि प्रहरी’ पुस्तक भेंट की। बार एसोसिएशन फतेहगढ़ के अध्यक्ष श्री शशि भूषण सिंह, महासचिव श्री कुंवर सिंह यादव, श्री किशोर मिश्रा एवं श्री राजेश अग्निहोत्री ने माननीय न्यायमूर्ति से भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संजय कुमार ने सभी अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
