फर्रुखाबाद:12 घंटे में हत्या का खुलासा,थाना मेरापुर पुलिस ने हत्यारोपी भूरे उर्फ समरवीर को किया गिरफ्तार

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 27 जून 2025 थाना मेरापुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया है। घटना 26 जून को थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव साहबगंज की है, जहां एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कायमगंज श्री संजय वर्मा के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना का विवरण

विवेचक के अनुसार, मृतक नितिन उर्फ रामू पुत्र रामनरेश सिंह निवासी साहबगंज, अपने नवनिर्माणाधीन मकान के बाहर खुले में सो रहा था। रात के समय अभियुक्त भूरे उर्फ समरवीर पुत्र जगवीर ने मौका पाकर ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने नितिन पर कई बार ईंट से वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

हत्या का कारण: पुरानी रंजिश और सार्वजनिक बेइज्जती

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि मृतक नितिन से उसकी पुरानी अनबन चल रही थी। नितिन पंचायत सचिव के कार्य में ग्राम प्रधान के साथ काम करता था और अक्सर अभियुक्त भूरे की गांव में सार्वजनिक रूप से बेइज्जती करता था। इसी अपमान की भावना से उसने नितिन को जान से मारने की योजना बनाई और 25 जून की रात उसे मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद छुपाए सबूत

घटना के बाद भूरे ने हत्या में प्रयुक्त ईंट को गांव के एक घूरे पर फेंक दिया और खून से सने अपने कपड़े राम बाबू नामक व्यक्ति के खाली मकान में छुपा दिए। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर इन साक्ष्यों की बरामदगी की कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई थाना मेरापुर पुलिस ने अभियुक्त की पहचान कर मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त से गहन पूछताछ के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने की टीम की सराहना

पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह ने मेरापुर पुलिस की त्वरित एवं सटीक कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।