फर्रुखाबाद:अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के मुन्ना गुप्ता बने कार्यकारी जिला अध्यक्ष, हिंदुत्व को मजबूत करने का लिया संकल्प।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2025 अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद ने जिले में नई जिम्मेदारी सौंपते हुए व्यापारी नेता आनंद प्रकाश उर्फ मुन्ना गुप्ता को कार्यकारी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर उन्होंने सभी शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद कोई आसान दायित्व नहीं है, बल्कि हिंदुत्व की विचारधारा और उसकी रक्षा के लिए संघर्ष करने हेतु सौंपा गया है।

मुन्ना गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के विभाग अध्यक्ष उमेश आनंद जी महाराज एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के महामंत्री अरविंद सिंह सिंगर की अनुशंसा से मिली है। उन्होंने कहा कि परिषद और बजरंग दल का साझा लक्ष्य हिंदुत्व को आगे बढ़ाना है, और इसके लिए केवल भाषण या घोषणाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि मंदिरों में जाकर पूजा-पाठ, भजन और सत्संग जैसे आयोजनों से समाज को जोड़ना होगा।

बाबा पांडेश्वर नाथ मंदिर को लेकर बड़ा ऐलान

नवनियुक्त कार्यकारी जिला अध्यक्ष ने विशेष रूप से बाबा पांडेश्वर नाथ महाराज मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था भक्तों के लिए कष्टकारी है। मंदिर परिसर और उससे जुड़े भवनों पर अवैध कब्जों की समस्या को उन्होंने प्रमुख मुद्दा बताया।

उन्होंने कहा कि –मंदिर के सत्संग भवन, दुकानें और कमरे कब्जे में हैं जिन्हें हटाना होगा।

सावन मास और अन्य अवसरों पर भक्तों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं अब बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

मंदिर परिसर को भक्तों के लिए निशुल्क और सुलभ बनाया जाएगा।

सत्संग भवन में भजन, रामकथा और धार्मिक आयोजन निशुल्क होंगे।

मंदिर को वृंदावन की तर्ज पर भक्तिमय और पारदर्शी व्यवस्था से विकसित किया जाएगा।

15 दिनों का अल्टीमेटम

मुन्ना गुप्ता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मंदिर पर अवैध कब्जा जमाए लोग स्वयं 15 दिनों के भीतर कब्जा छोड़ दें, अन्यथा समिति कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि मंदिर को स्वच्छ और भक्तों के लिए समर्पित रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि –

मंदिर परिसर में कुत्तों की आवाजाही रोकी जाए।

वेलपत्री सड़क पर बिखरी नहीं होनी चाहिए, इसे मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित किया जाएगा।

मंदिर से जुड़ी दुकानों पर जो लोग कब्जा जमाए बैठे हैं, वे तुरंत खाली कर मंदिर कमेटी को चाबी सौंप दें।

नई टीम करेगी निगरानी

कार्यकारी जिला अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर की नई व्यवस्था में एक सशक्त टीम बनाई जाएगी जो यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी श्रद्धालु परेशान न हो और हर भक्त निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सके।

मुन्ना गुप्ता ने कहा कि “हमारा लक्ष्य मंदिर को भक्तों के लिए खुला और पारदर्शी बनाना है। भक्तों की सुविधा सर्वोपरि है और इसके लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता या कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”