फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 दिसम्बर 2025 जनपद के सांसद मुकेश राजपूत ने आज लोकसभा के शून्यकाल के दौरान एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए मथुरा से अयोध्या तक वाया कासगंज–फर्रुखाबाद–कन्नौज वंदे भारत ट्रेन के संचालन की माँग केंद्र सरकार से की।
सांसद ने मा० लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा कि इस रूट पर बड़े स्तर पर धार्मिक, सामाजिक व आर्थिक आवाजाही होती है। मथुरा व अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक नगरों को जोड़ने वाली यह ट्रेन यात्रियों के लिए अत्यंत सुविधाजनक साबित होगी। साथ ही कासगंज, फर्रुखाबाद और कन्नौज जैसे जिलों को भी तेज़ और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने मा० रेल मंत्री से इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और जल्द से जल्द वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत सुनिश्चित करने की अपील की।
सांसद के इस प्रयास को क्षेत्रवासियों ने सराहते हुए उम्मीद जताई है कि अगर यह ट्रेन शुरू होती है तो न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि व्यापार, उद्योग और स्थानीय यात्रियों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
इस मांग को क्षेत्र की बड़ी आवश्यकता बताते हुए सांसद राजपूत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य भी आम जनता को तेज़, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवाएँ उपलब्ध कराना है, और यह रूट वंदे भारत के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।
