फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत ने रेल मंत्री से की मुलाकात, फर्रुखाबाद-दिल्ली नई ट्रेन संचालन का रखा प्रस्ताव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 जनपद के लोकप्रिय सांसद मुकेश राजपूत ने आज नई दिल्ली में ऑल इंडिया रेलवे सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन स्टाफ एसोसिएशन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ देश के यशस्वी रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान सांसद राजपूत ने एसोसिएशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। साथ ही, फर्रुखाबाद से दिल्ली के बीच नई रेलगाड़ी के संचालन की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर उन्होंने लेखन के माध्यम से भी मंत्री जी से अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस रूट पर यात्री भार अधिक है और आम जनता को सीधी व सुविधाजनक रेल सेवा की अत्यंत आवश्यकता है।

इस बैठक में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कासगंज से अलीगढ़ तक 53 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन को मंजूरी देने की घोषणा की, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और भी मजबूत होगा और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। रेल मंत्री से हुई इस बैठक को लेकर सांसद मुकेश राजपूत ने आशा जताई कि बहुत जल्द फर्रुखाबाद को दिल्ली से सीधी ट्रेन सेवा मिलने की संभावना है, जिससे न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। यह मुलाकात फर्रुखाबाद के रेलवे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।