फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रेलवे सुविधाओं और नई ट्रेनों के संचालन की रखी महत्वपूर्ण मांग

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 दिसम्बर 2025 जनपद के सांसद श्री मुकेश राजपूत ने आज देश के यशस्वी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से दिल्ली में भेंट कर जनपद की रेलवे सुविधाओं के विस्तार एवं नई ट्रेनों के संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को उनके समक्ष रखा। सांसद ने अपने पत्र के माध्यम से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेलवे जरूरतों को विस्तारपूर्वक बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की।

सांसद ने रखीं ये प्रमुख मांगें

सांसद मुकेश राजपूत ने रेल मंत्री को दिए पत्र में निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर तत्काल ध्यान देने का आग्रह किया—

1. फर्रुखाबाद रेलवे जंक्शन पर वाशिंग लाइन, पिट लाइन व सिक लाइन का निर्माण

सांसद ने कहा कि जंक्शन पर इन सुविधाओं का अभाव होने से ट्रेनों के संचालन में दिक्कतें आती हैं। इन लाइनों के निर्माण से रूट पर नई ट्रेनों की संभावनाएँ बढ़ेंगी और तकनीकी कार्य सुचारू रूप से हो सकेंगे।

2. भुवनेश्वर साप्ताहिक सुपरफास्ट (22805/22806) का मार्ग परिवर्तित करने की मांग

सांसद ने आग्रह किया कि ट्रेन का रूट शिकोहाबाद से बदलकर मैनपुरी–फर्रुखाबाद–कन्नौज होते हुए कानपुर किया जाए, जिससे लाखों यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके।

3. मथुरा से अयोध्या वाया कासगंज–फर्रुखाबाद वंदे भारत ट्रेन का संचालन

उन्होंने कहा कि धार्मिक नगरी अयोध्या और ब्रज क्षेत्र मथुरा के बीच तेज गति से सफर कराने वाली ट्रेन शुरू होने से पर्यटन और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

4. कायमगंज स्टेशन पर 13168/13169 आगरा–कोलकाता एक्सप्रेस का ठहराव

सांसद ने बताया कि इस ट्रेन के न रुकने से क्षेत्र के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ठहराव मिलने से पूर्वांचल और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

5. कालिंदी एक्सप्रेस (14117/14118) में प्रथम श्रेणी कोच HA1 की मांग

सांसद ने कहा कि इस रूट पर प्रथम श्रेणी की मांग बढ़ी है, ऐसे में एक अतिरिक्त HA1 कोच जोड़ना यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक है।

रेल मंत्री ने आश्वस्त किया

मुलाकात के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की सभी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया। क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

स्थानीय लोगों में उम्मीद की किरण

सांसद की इस पहल के बाद फर्रुखाबाद, कासगंज, मैनपुरी और आसपास के जिलों में लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही रेलवे से जुड़ी इन महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान मिलेगा और क्षेत्र को नई ट्रेनों का लाभ प्राप्त होगा।