फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जुलाई 2025 जनपद के लोकप्रिय सांसद मुकेश राजपूत ने आज अपने स्थानीय आवास पर जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। विभिन्न क्षेत्रों से पधारे जनमानस ने बिजली, पानी, सड़क, पेंशन, आवास तथा अन्य दैनिक समस्याओं से संबंधित प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए।
सांसद श्री राजपूत ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित कराना है।
सांसद ने आश्वस्त किया कि सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है तथा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ हर नागरिक की आवाज को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जनसुनवाई के दौरान सांसद के प्रतिनिधियों, स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। लोगों ने श्री राजपूत की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।
