फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 सितम्बर 2025 स्वच्छता पखवाड़ा एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत असगरपुर के नगला नान स्थित चिंतामणि अमृतसरोवर पर शनिवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फर्रुखाबाद सांसद श्री मुकेश राजपूत ने सरोवर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही सांसद ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश भी जनमानस तक पहुँचाया।
अपने उद्बोधन में सांसद श्री राजपूत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि जीएसटी के सरलीकरण से कई वस्तुएं सस्ती हुई हैं, जिससे आमजन को राहत मिली है। साथ ही सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों को ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) बनाने में बड़ी सफलता मिली है।
सांसद ने कहा कि अमृत सरोवर योजना से जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है और वृक्षारोपण से हरित क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और गलियों को स्वच्छ रखें ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
मिशन शक्ति कार्यक्रम पर बोलते हुए सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रयासों से आज महिलाएं सुरक्षित परिवेश में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री रामकिशोर, पूर्व चेयरमैन श्री विजय गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य श्री कुवरजीत सिंह, परियोजना निदेशक श्री कपिल कुमार, खंड विकास अधिकारी श्री राधेश्याम, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी समेत पंचायत प्रतिनिधि व ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
