फर्रुखाबाद:SJPU व AHT की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, बाल सुरक्षा व मानव तस्करी रोकथाम पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 नवंबर 2025 को नोडल अधिकारी SJPU एवं AHT के निर्देशन में मानव तस्करी रोधी थाना (AHT) द्वारा रिज़र्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं मानव तस्करी रोधी इकाई (AHT) की मासिक प्रशिक्षण व समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों ने जिले में बच्चो से जुड़े अपराधों की रोकथाम, बचाव एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विशेष तौर पर बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार तथा इससे जुड़े गिरोहों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

रेस्क्यू अभियान को और तेज़ करने के निर्देश

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले में बच्चो से संबंधित मामलों में विशेष रेस्क्यू अभियान चलाए जाएंगे। खोए और भटके हुए बच्चों की पुनर्वास प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

बाल सुरक्षा कानूनों पर प्रशिक्षण

अधिकारियों को जेजे एक्ट, पॉक्सो एक्ट, बाल तस्करी व बाल संरक्षण से जुड़े नियमों पर अपडेट जानकारी देते हुए कहा गया कि हर मामले में संवेदनशीलता और तत्परता दोनों आवश्यक हैं। टीमों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।

अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में भिक्षावृत्ति, बालश्रम, मानव तस्करी व अनैतिक देह व्यापार जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अंत में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और जागरूकता कार्यक्रमों को गति देने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि समाज में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार अभियान जारी रहेंगे।