फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2025 उत्तर प्रदेश सरकार की अत्याधुनिक पुलिस प्रबंधन प्रणाली यूपी-112 का दुरुपयोग करने वाले एक कॉलर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना जहानगंज पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया है। यह सेवा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार पुत्र राजकुमार, निवासी ग्राम करीमगंज, थाना जहानगंज, जनपद फतेहगढ़, ने 01 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2025 के बीच यूपी-112 आपात सेवा पर कुल 782 बार कॉल कर झगड़ों एवं गंभीर अपराधों की झूठी सूचनाएँ दर्ज कराईं।
हर बार सूचना मिलते ही पीआरवी (पुलिस रिस्पांस वाहन) तत्काल मौके पर पहुँची, लेकिन घटनास्थल पर कोई विवाद या आपराधिक गतिविधि नहीं पाई गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि कॉलर द्वारा जानबूझकर झूठी और भ्रामक सूचनाएँ देकर आपात सेवाओं का दुरुपयोग किया गया, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को सहायता देने में अवरोध उत्पन्न हुआ।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए दिनांक 05 जून 2025 को थाना जहानगंज में मु0अ0सं0-095/2025, अंतर्गत धारा 212(a), 217(b), 221, 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा यूपी-112 सेवाओं के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपात सेवाओं का प्रयोग केवल आवश्यक परिस्थितियों में करें, ताकि सभी को समय पर और प्रभावी सुरक्षा सहायता मिल सके।
