फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0: जहानगंज क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक, सीओ अजय वर्मा ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 दिसंबर 2025 महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जनपद फतेहगढ़ में लगातार जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने थाना जहानगंज क्षेत्र में महिलाओं व बालिकाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान सीओ अजय वर्मा ने महिलाओं को आवश्यक सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी—1098 – बाल संरक्षण हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 112 – आपातकालीन सेवा, 1090 – वुमेन पावर लाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

उन्होंने महिला संबंधी अपराधों से बचाव, त्वरित सहायता, कानूनी अधिकारों तथा आत्मनिर्भरता को लेकर उपयोगी जानकारी साझा की। सीओ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और मिशन शक्ति अभियान इसी दिशा में एक व्यापक प्रयास है।

अजय वर्मा ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या उत्पीड़न का सामना करना पड़े तो वे बिना संकोच हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और तुरंत सहायता प्राप्त करें।

मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उन्हें आत्मविश्वासी व सशक्त बनने की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं।