फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 दिसंबर 2025 महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी द्वारा कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं के बीच जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी—1098 – बाल संरक्षण हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 112 – आपातकालीन सेवा, 1090 – वुमेन पावर लाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सीओ राजेश द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें हर परिस्थिति में निडर होकर अपनी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने महिला अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास से भरना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें।
पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
