फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 सितंबर 2025 जनपद में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत आज जिले में एक अनूठी पहल देखने को मिली। आर.आर.पी. स्कूल की छात्रा यशवी यादव को पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ की उपस्थिति में ‘एक दिन का पुलिस कप्तान’ बनाया गया। इस अवसर पर छात्रा ने पुलिस अधीक्षक की कुर्सी संभालते हुए जनता की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा ने आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए महिला सुरक्षा, छात्राओं की शिक्षा तथा समाज में महिला सम्मान जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। पुलिस अधीक्षक ने यशवी यादव को सम्मानित करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना, उन्हें सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। ‘एक दिन का पुलिस कप्तान’ जैसी पहल से छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है और उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा उत्पन्न होती है। इस मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक संदेश देती हैं।
