फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 सितंबर 2025 महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत अनूठी पहल देखने को मिली। इस पहल के तहत इंटरमीडिएट कक्षा (12वीं) की मेधावी छात्रा प्रगति को ‘एक दिन का अपर पुलिस अधीक्षक (ASP)’ बनाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक का दायित्व संभालते हुए प्रगति ने कार्यालय में आमजन की समस्याओं को सुना और जनसुनवाई की। उन्होंने फरियादियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और छात्रा को कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रगति ने कहा कि यह अनुभव उनके जीवन के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि पुलिस विभाग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान में भी अहम भूमिका निभाता है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी छात्रा की कार्यशैली की सराहना की और बताया कि मिशन शक्ति के तहत इस तरह की पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है।
अभियान का उद्देश्य
मिशन शक्ति 5.0 का मुख्य उद्देश्य है महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना, उन्हें समाज में अपनी भूमिका निभाने का अवसर देना और समानता का संदेश फैलाना। एक दिन के लिए छात्राओं को जिम्मेदारी सौंपकर उन्हें नेतृत्व और प्रशासनिक कार्य का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जा रहा है।
