फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 नवम्बर 2025 थाना शमसाबाद क्षेत्र के अंतर्गत लगने वाले ऐतिहासिक ढाईघाट मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री मा. सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को किया। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया और मेले में की गई प्रशासनिक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
मंत्री श्री खन्ना ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एवं अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और मेले के दौरान सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ढाईघाट मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से क्षेत्र का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें दूर-दूर से लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लेने आते हैं। मेले के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मा. मंत्री एवं प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस बार मेला व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर और व्यवस्थित दिखाई दे रही है।
