फर्रूखाबाद:विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की मंत्री जयवीर सिंह ने की समीक्षा, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जून 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।

दिव्यांगजन और छात्रों को मिला लाभ

बैठक की शुरुआत में मंत्री जयवीर सिंह ने चार दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और नौ विद्यार्थियों को टैबलेट भेंट कर प्रोत्साहित किया। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के दो लाभार्थियों, उद्यान एवं खाद्य विभाग के तीन, और वृद्धावस्था पेंशन योजना के दो लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 117 स्वयं सहायता समूहों को ₹1.75 करोड़ की चेक वितरित की गई।

विकास कार्यों की स्थिति और निर्देश

पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि तीसराम की मड़ैया की सड़क ठीक कर दी गई है। 234 लाख रुपये का नया सड़क निर्माण स्टीमेट तैयार होकर कार्य योजना में भेजा गया है, जिसे स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होगा।

मंत्री ने निर्देश दिया कि गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर तत्काल कराई जाए। जल निगम ग्रामीण को जल जीवन मिशन के तहत सड़कों और गलियों की रीस्टोरेशन की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का निर्देश मिला।

विद्युत विभाग पर विशेष फोकस

विद्युत विभाग को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। हटाए गए कर्मियों की समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा करने को कहा गया विद्युत विभाग की रिवैम्प योजना की जांच प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की टीम गठित कर कराए जाने के निर्देश दिए गए। मोहम्दाबाद-संकिसा मार्ग पर पोल शिफ्टिंग हेतु 11.28 करोड़ रुपये भुगतान हो चुका है, कार्य 2 माह में पूर्ण करने के निर्देश।

जल जीवन मिशन और भूमि संरक्षण

मंत्री ने जनपद की जल जीवन मिशन में रैंकिंग गिरने पर नाराजगी जताई। सांसद ने कनेक्शन घर के बाहर दिए जाने की शिकायत की, जिस पर जांच के आदेश दिए गए। 452.90 हेक्टेयर भूमि अवैध कब्जे से मुक्त कर गौशालाओं से जोड़ी गई है।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश और घोषणाएं

महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना हेतु शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। सभी सफाईकर्मी पहचान पत्र पहनकर ही कार्य करेंगे, और लाइव लोकेशन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज होगी। जिला कृषि अधिकारी को उर्वरकों का बफर स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा, “हमें फर्रूखाबाद को प्रदेश का नंबर-1 जनपद बनाना है, हर योजना में गुणवत्ता और पारदर्शिता होनी चाहिए।”

मुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र राठौर, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।