फर्रुखाबाद: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 को लेकर कलेक्ट्रेट में राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के संबंध में जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में शनिवार को सायं 05 बजे कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जनपद के समस्त राष्ट्रीय व राज्यीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी महोदय ने उपस्थित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि आज दिनांक 06 दिसंबर 2025 तक जनपद में कुल 13,98,009 मतदाताओं के सापेक्ष 10,84,532 गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज्ड किया जा चुका है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रह के दौरान 38,943 मृतक मतदाता पाए गए हैं, जबकि 1,11,531 मतदाता अनट्रेसेबल/अनुपस्थित अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित श्रेणी में आए हैं। इसके अतिरिक्त 22,818 गणना प्रपत्र पहले से नामावली में दर्ज पाए गए, तथा अन्य कारणों से 8,366 गणना प्रपत्र अनट्रेसेबल श्रेणी में प्राप्त हुए हैं।

अनट्रेसेबल गणना प्रपत्रों के संबंध में अपर जिलाधिकारी महोदय ने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे अपनी-अपनी पार्टी द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बी.एल.ए.) के माध्यम से संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) से संपर्क कर अनट्रेसेबल फार्मों की सूची प्राप्त करें तथा उनका सत्यापन अवश्य कराएं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए तो तत्काल बी.एल.ओ. के संज्ञान में लाकर सुधार कराने का प्रयास किया जाए।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शीघ्र ही मतदेय स्थल-वार बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा बैठक आयोजित की जाएगी। सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने बी.एल.ए. को अनिवार्य रूप से उक्त बैठक में उपस्थित रहने हेतु निर्देशित करें। इस बैठक से संबंधित कार्यवृत्त, उपस्थिति विवरण एवं फोटोग्राफ्स एकत्रित कर डी.ई.ओ. पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे, जिसका लिंक मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रेषित किया जाएगा, ताकि यह जानकारी प्रदेश भर में सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो सके।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनः अनुरोध किया कि वे जनपद के समस्त मतदेय स्थलों के लिए एक-एक बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्री मुकेश गुप्ता, समाजवादी पार्टी से श्री सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी से श्री अंकुश सिंह, बहुजन समाज पार्टी से श्री राम रतन गौतम तथा अपना दल (एस) से श्री संजय गुप्ता उपस्थित रहे।

अंत में उप जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय ने बैठक में उपस्थित सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।