फर्रुखाबाद: कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट, दो की मौत, दर्जनभर घायल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 शहर में शनिवार दोपहर बाद अचानक हुए एक भीषण धमाके से दहल उठा। थाना कादरी गेट क्षेत्र के सातनपुर आलू मंडी रोड पर स्थित द सन लाइब्रेरी एंड कोचिंग सेंटर में दोपहर करीब ढाई बजे जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज़ और कंपन लगभग एक किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया। इस विस्फोट में कोचिंग सेंटर का बाहरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास का इलाका दहशत में आ गया।

धमाके के बाद चीख-पुकार, बच्चों सहित एक दर्जन घायल

घटना के समय कोचिंग सेंटर में कई बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। अचानक हुए धमाके से क्लासरूम की दीवारें टूटकर सड़क पर दूर-दूर तक जा गिरीं। घटना में करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं।

घायलों में

10 वर्षीय अभय पुत्र सुदीप श्रीवास्तव

10 वर्षीय निखिल पुत्र नीलू यादव

12 वर्षीय रिदम यादव पुत्र विवेक यादव

14 वर्षीय अंशुल यादव पुत्र प्रदीप यादव

13 वर्षीय आयुष यादव पुत्र प्रदीप यादव

14 वर्षीय अभय राजपूत पुत्र रघुवीर

17 वर्षीय प्रभात पुत्र बबलू

12 वर्षीय अंशिका गुप्ता पुत्री पंकज गुप्ता

15 नैतिक शाक्य पुत्र ब्रजेश शाक्य

25 वर्षीय आकाश सक्सेना पुत्र राजेश सक्सेना

24 वर्षीय आकाश कश्यप पुत्र दीपक कश्यप

सभी घायलों को तुरंत लोहिया अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दो युवकों की मौत, परिवारों में कोहराम, इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई।आकाश सक्सेना (25) को लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके पिता पुलिस विभाग में दारोगा हैं और वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं। आकाश कश्यप (24) को गंभीर हालत में रिफर किया गया, लेकिन रास्ते में कमालगंज के पास उनकी मौत हो गई। उनके पिता दीपक कश्यप फर्रुखाबाद नगर पालिका में सफाई कर्मचारी हैं।दोनों मृतक युवक सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। आकाश कश्यप की मां शशिलता और भाई अमित का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

प्रशासन और पुलिस मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं मौके पर सीओ सिटी एश्वर्य उपाध्याय, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, पुलिस बल और दमकल विभाग पहुंचा और जांच-पड़ताल शुरू की।

जांच के आदेश

धमाका कैसे हुआ, इसके कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि कोचिंग सेंटर का संचालन नवाबगंज के गुठिना निवासी योगेश व रविन्द्र शर्मा बीते कुछ महीनों से कर रहे थे।

इलाके में दहशत

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग दहशत में हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि विस्फोट की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यह घटना न केवल फर्रुखाबाद बल्कि पूरे जिले के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि यह सवाल उठाती है कि आखिर बच्चों के पढ़ाई के सुरक्षित स्थान पर ऐसा धमाका कैसे हो सकता है।