फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 नवंबर 2025 शुक्रवार को ग्राम नगला निजामपुर, पोस्ट उखरा (जिला फर्रुखाबाद) में सौहार्द और सरलता के वातावरण में बौद्ध परंपरा के अनुसार दाम्पत्य सूत्र बन्धन संस्कार संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रियांशी, पुत्री श्री हरिश्चन्द्र शाक्य (निवासी—नगला निजामपुर, उखरा, फर्रुखाबाद) एवं महादीपक, पुत्र श्री प्रेमचन्द्र शाक्य (निवासी—ग्राम हजारा, पोस्ट बेवर, जिला मैनपुरी) ने बौद्ध रीति से विवाह कर जीवन-यात्रा की नई शुरुआत की।
संस्कार पूर्ण होने के बाद समारोह के प्रमुख धर्मपाल बौद्ध द्वारा नवविवाहित युगल को विधिवत विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बौद्ध अनुयायियों एवं ग्रामवासियों ने दम्पति को शुभाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सरल, शांत और सामूहिक सहभागिता वाले इस आयोजन ने सामाजिक सद्भाव और समानता का संदेश दिया। समारोह के दौरान स्थानीय जनों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने बौद्ध परंपरा में किए गए विवाह संस्कार की सराहना की।
