फर्रुखाबाद: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के उपकरण, माल व अवैध हथियारों के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 दिसंबर 2025 एसओजी/सर्विलांस टीम एवं कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को चोरी के उपकरण, चोरी का माल तथा अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से दो तमंचा 315 बोर, तीन जिन्दा कारतूस एवं एक मिस कारतूस भी बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन कानपुर आलोक सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज कानपुर श्री हरीश चन्द्र के कुशल पर्यवेक्षण में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पंजीकृत मुकदमों का विवरण

कोतवाली फतेहगढ़ में पंजीकृत मु0अ0सं0 328/2025 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस एवं मु0अ0सं0 329/2025 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस की विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

1. पंकज कुशवाह पुत्र रामदयाल कुशवाह, निवासी हाथीखाना, कोतवाली फतेहगढ़, जनपद फतेहगढ़।

2. बबलू शर्मा उर्फ बबलू जोशी पुत्र श्यामसुन्दर, निवासी हाथीखाना, कोतवाली फतेहगढ़, जनपद फतेहगढ़।

घटनाओं का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 03 दिसंबर 2025 की रात्रि को अज्ञात चोरों द्वारा ब्रह्मचारी भारत माता मंदिर के मुख्य गेट व दान पात्र का ताला तोड़कर लगभग 10 हजार रुपये चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी। वहीं, दिनांक 30 नवंबर 2025 की रात्रि को सीएनआई चर्च, रेका (कोतवाली फतेहगढ़) का ताला तोड़कर अमरोन कंपनी की बैटरी चोरी की गई थी। इन दोनों घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।

बरामदगी का विवरण

अभियुक्त पंकज कुशवाह के पास से 2070 रुपये नकद, अमरोन कंपनी की बैटरी, एक टार्च, एक तमंचा 315 बोर, एक जिन्दा कारतूस व एक मिस कारतूस बरामद हुआ।

अभियुक्त बबलू शर्मा उर्फ बबलू जोशी के पास से पीली धातु का एक गुलस्ता, एक प्याला, 555 रुपये नकद, चोरी के उपकरण (पेचकस, प्लास, हथौड़ी, सरिया का टुकड़ा) तथा एक तमंचा 315 बोर व दो जिन्दा कारतूस बरामद किए गए।

आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उनके आपराधिक प्रवृत्ति के शातिर होने की पुष्टि होती है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस सफलता में कोतवाली फतेहगढ़ पुलिस, एसओजी टीम एवं सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक जनपद ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।