फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अक्टूबर 2025 जनपद फतेहगढ़ में दीपावली पर्व के मद्देनज़र आतिशबाजी के अवैध भंडारण व विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अमृतपुर पुलिस ने अभियान के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आतिशबाजी से भरे कुल 13 कार्टन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 18.10.2025 को थाना अमृतपुर पुलिस टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 03 कार्टन आतिशबाजी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त की पहचान टिंकू पाठक पुत्र गुड्डू पाठक निवासी ग्राम पिथनापुर, थाना अमृतपुर, जनपद फतेहगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेते हुए अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 169/2025, धारा 5/9ख (1) ख विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी अमृतपुर ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण या विक्रय करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही आतिशबाजी खरीदें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
