फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 नवंबर 2025 जनपद में अवैध खनन और वाहन नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर आज एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत और खनन अधिकारी संजय प्रताप की संयुक्त टीम ने खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बिना एचएसआरपी (High Security Registration Plate) के खनन सामग्री ढोते दो ट्रक पकड़े गए। खनन विभाग के पोर्टल पर इनका पंजीकरण भी नहीं पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर दोनों वाहनों को सीज करते हुए उन पर कुल ₹35,000 का जुर्माना लगाया गया।
खनन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग द्वारा हाल ही में जारी निर्देशों में कहा गया है कि उपखनिजों का परिवहन करने वाले सभी वाहनों का पंजीकरण विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य होगा, जिससे वाहन में लगे VTS सिस्टम के माध्यम से उनकी रियल टाइम निगरानी की जा सके। इसी क्रम में डीएम फर्रुखाबाद ने जिले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कर बकाया पर 3 ट्रक सीज
चेकिंग के दौरान कर बकाया में संचालित तीन अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया। इन पर ₹35,000 टैक्स और ₹32,000 का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन ने साफ किया है कि लंबित कर अथवा नियमों के उल्लंघन पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
एआरटीओ और खनन विभाग की टीम ने बताया कि यह अभियान जिले में अनियमित और अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने वाहन स्वामियों से नियमों का पालन करने और निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण कराने की अपील की है।
