फर्रुखाबाद: लेखपाल संघ ने मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, 15 नवंबर तक कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 नवम्बर 2025 उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शनिवार को तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर रजनीकांत और तहसीलदार सनी कनौजिया को सौंपा।

जिलाध्यक्ष महेश्वर सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में लेखपाल संघ ने ग्रेड पे बढ़ाने, स्टेशनरी भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने, और भत्तों में समुचित वृद्धि की प्रमुख मांगें रखीं।

संघ ने कहा कि प्रदेश भर के लगभग 3 हजार लेखपाल अपने परिवारों से 500 से 1000 किलोमीटर दूर रहकर भय और तनाव के माहौल में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अंतर मंडलीय स्थानांतरण सूची तत्काल जारी करने की भी मांग की। बताया गया कि परिषद ने 23 अगस्त 2018 को ऑनलाइन आवेदन मांगे थे, लेकिन सूची अभी तक जारी नहीं हुई है, जबकि अन्य विभागों में हजारों कर्मचारियों का स्थानांतरण पहले ही हो चुका है।

इसके साथ ही संघ ने नियत यात्रा भत्ता के स्थान पर वाहन भत्ता, विशेष वेतन भत्ता, पदोन्नति के अवसरों में वृद्धि, एसीपी विसंगति दूर करने, और प्रारंभिक वेतनमान को लेवल-5 में सूचीबद्ध करने की भी मांग की।

संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 नवंबर तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई, तो वे आंदोलन की राह अपनाने को बाध्य होंगे।

इस अवसर पर जिला मंत्री अभय त्रिवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार, कोषाध्यक्ष हरमुख पाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह समेत अनेक लेखपाल मौजूद रहे।