फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए संचालित उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति-5” के अंतर्गत जनपद फतेहगढ़ की कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन) व 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) — की जानकारी दी गई तथा इन नंबरों का उपयोग कैसे और कब किया जा सकता है, यह विस्तारपूर्वक बताया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह, दहेज प्रथा तथा महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही समाज में महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने हेतु उन्हें सजग, आत्मविश्वासी और शिक्षित रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “मिशन शक्ति” अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को न केवल सुरक्षा प्रदान करना है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना भी है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, छात्राएं और ग्रामवासी उपस्थित रहे तथा पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
