फर्रुखाबाद:त्योहारों को देखते हुए फतेहगढ़ पुलिस ने किया बलवा ड्रिल अभ्यास।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 सितम्बर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में पुलिस लाइन फतेहगढ़ में बलवा ड्रिल का अभ्यास आयोजित किया गया। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण और दंगा-रोधी तैयारी के लिए प्रशिक्षित किया गया।

अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों ने आंसू गैस, वाटर कैनन के प्रयोग और त्वरित कार्रवाई की बारीकियों को समझा। बलवा ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थितियों में पुलिस बल को सक्रिय और सक्षम बनाना है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

इस अभ्यास में प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों के साथ-साथ थाना स्तर और पुलिस लाइन का पुलिस बल सम्मिलित हुआ। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं अभ्यास का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि त्योहारों के समय शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान जिले में कड़ी निगरानी रखी जाएगी और हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।