फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अक्टूबर 2025 गांधी जयंती के पावन अवसर पर जनपद में स्वच्छता ही सेवा स्वच्छोत्सव 2025 एवं मिशन शक्ति 5.0 अभियान का संयुक्त कार्यक्रम बड़े ही भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह आयोजन प्राथमिक विद्यालय बढ़ना बुजुर्ग, विकास खंड कमालगंज में हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी गरिमामयी उपस्थिति में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके उपरांत गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इनमें गांधी व शास्त्री जी के विचारों पर आधारित भाषण, देशभक्ति गीत तथा मिशन शक्ति पर लघु नाटिका प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे।
जिलाधिकारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें महापुरुषों के श्रेष्ठ गुणों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने गांधी जी और शास्त्री जी को सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनके सिद्धांत आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी अपने संबोधन में गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान पर विशेष बल देते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण की दिशा में समाज को आगे आने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बीडीओ, खंड शिक्षा अधिकारी, अध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
