फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित प्राइमरी स्कूलों को बंद कर उन्हें अन्य विद्यालयों में मर्ज (विलय) किए जाने की नीति के विरोध में आज जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट फर्रुखाबाद में प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री, वर्तमान सांसद माननीय बाबू सिंह कुशवाहा जी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय शिव कन्या कुशवाहा जी के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी का कहना है कि यह नीति गरीब, ग्रामीण और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा को सीधे तौर पर प्रभावित करेगी, जिससे शिक्षा का अधिकार कमजोर होगा।
इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य, जिला प्रभारी छोटे लाल कुशवाहा, विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एडवोकेट ब्रजेश कुशवाहा, जिला कोषाध्यक्ष राजवीर सिंह शाक्य, केपी सिंह सहित जिले के अन्य प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से जन अधिकार पार्टी ने मांग की कि सरकार इस नीति को तुरंत प्रभाव से वापस ले और ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों पर पुनर्विचार नहीं किया, तो जन आंदोलन की दिशा में व्यापक रणनीति बनाई जाएगी।
