फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025 जन अधिकार पार्टी कार्यालय फर्रुखाबाद में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 05 सितंबर 2025 को मनाए जाने वाले बिहार लेनिन बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा की शहादत दिवस की तैयारी करना रहा।
बैठक में जिला प्रभारी छोटे लाल कुशवाहा, जिला अध्यक्ष कैप्टन प्रभात शाक्य, जिला कोषाध्यक्ष राजवीर शाक्य, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अजयवीर शाक्य सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ एवं जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यह तय किया गया कि शहादत दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से बाबू जगदेव प्रसाद के विचारों, संघर्षों और सामाजिक न्याय के संदेश को आम जनता तक पहुँचाया जाएगा।
पार्टी नेताओं ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद ने सामाजिक समानता और शोषण के खिलाफ आवाज़ उठाकर समाज में नई चेतना जगाई थी। उनकी शहादत को जन-जन तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस मौके पर जिला प्रभारी छोटे लाल कुशवाहा ने कहा कि शहादत दिवस के कार्यक्रम भव्य और सार्थक होंगे। वहीं, कैप्टन प्रभात शाक्य ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी विचारधारा से ही समाज में सच्चे अर्थों में न्याय और समानता स्थापित हो सकती है।
