फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 नवम्बर 2025 शहर की व्यस्त और अत्यंत संकरी होती जा रही आईटीआई चौराहे की समस्या अब लोगों के लिए रोजमर्रा की मुसीबत बन गई है। ठंडी सड़क पर स्थित इस प्रमुख चौराहे पर सिग्नल व्यवस्था लागू होने के बाद से घंटों लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। पहले जहां वाहन बिना किसी रुकावट के गुजर जाते थे, वहीं अब सिग्नल पर रुकने से वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का यातायात प्रभावित रहता है।
स्थानीय लोगों व वाहन चालकों के अनुसार, सिग्नल लगाए जाने के साथ ही चौराहे के पास डिवाइडर का निर्माण सड़क को और संकरा कर रहा है। नतीजतन, जाम की स्थिति पहले से कहीं अधिक गंभीर हो गई है।
आईटीआई चौराहे से लाल गेट की ओर लगभग 500 मीटर तक सड़क की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण कई वाहन चालक मजबूरी में फुटपाथ से निकलने की कोशिश करते हैं, लेकिन जैसे ही पहिया नीचे उतरता है, ई-रिक्शा, टेंपो व छोटे वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। इससे न केवल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं बल्कि सड़क कई-कई मिनट तक पूरी तरह जाम हो जाती है।
बढ़ते यातायात दबाव के बीच ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी दिनभर जाम खोलने में संघर्ष करते नजर आते हैं। बावजूद इसके, व्यवस्था संभाल पाना मुश्किल होता जा रहा है।
शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का चौड़ीकरण नहीं किया गया और सिग्नल व्यवस्था का पुनर्मूल्यांकन नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग से तत्काल कदम उठाने, सड़क को व्यवस्थित करने, सिग्नल टाइमिंग सुधारने और प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट लागू करने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि आईटीआई चौराहा शहर के मुख्य मार्गों को जोड़ता है, इसलिए यहां होने वाली छोटी सी चूक भी पूरे शहर की यातायात व्यवस्था को ठप कर देती है। ऐसे में प्रशासनिक हस्तक्षेप जरूरी है ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
