(द दस्तक 24 न्यूज़) , 22 जुलाई 2025 मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला व्यापार बंधु की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर के व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। व्यापारियों द्वारा सबसे प्रमुख मुद्दा बिना नंबर के ई-रिक्शा और नाबालिग चालकों द्वारा ई-रिक्शा संचालन को लेकर उठाया गया। इस पर सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में ई-रिक्शा केवल निर्धारित 23 रूटों पर ही चलें। बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ई-रिक्शा, नाबालिग चालकों द्वारा संचालन और माल ढुलाई पर सख्ती से रोक लगाने हेतु अभियान चलाकर इन्फोर्समेंट की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पार्किंग की समस्या को लेकर भी व्यापारियों ने चिंता जताई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने आश्वासन दिया कि लाल सराय में निर्माणाधीन पार्किंग को जल्द ही पूर्ण कराकर उपयोग हेतु हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके साप्ताहिक बंदी के अनुपालन को लेकर सीडीओ ने असिस्टेंट कमिश्नर लेबर को निर्देश दिए कि वह इसकी सख्ती से निगरानी करें। साथ ही, आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट, विभिन्न विभागों के अधिकारी और शहर के व्यापारीगण उपस्थित रहे। यह बैठक व्यापारिक समुदाय और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुई।
