फर्रुखाबाद:अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला महामंत्री सनी गुप्ता ने पूरी टीम संग दिया इस्तीफा

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 दिसंबर 2025 अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला महामंत्री सनी गुप्ता ने आज अपनी पूरी टीम के साथ पत्रकार बंधुओं के समक्ष सामूहिक रूप से इस्तीफा प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने संगठन के भीतर चल रही कुछ गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।

सनी गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय बजरंग दल के कुछ प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों द्वारा गलत कार्यशैली अपनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर हो रहे हिंदूवादी एवं गौरक्षा से जुड़े कार्यों की वास्तविक स्थिति को तोड़-मरोड़ कर उच्च अधिकारियों तक गलत सूचनाएं प्रेषित की जा रही हैं, जिससे संगठन के कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस प्रकार की कार्यप्रणाली को लेकर पूरी टीम में असंतोष और रोष व्याप्त था। संगठन हित में बार-बार अपनी बात रखने के बावजूद कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकल सका। परिणामस्वरूप, मजबूर होकर उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

इस्तीफा देने वालों में प्रमुख रूप से

सनी गुप्ता, आनंद प्रकाश गुप्ता उर्फ मुन्ना, गौतम कुमार, अनूप सक्सेना, उमाशंकर गुप्ता, शिवम गुप्ता, सुमित गुप्ता, विनीत बाजपेई, आजाद चंद्र शेखर तिवारी, ईशु दीक्षित, सागर गुप्ता, पंकज राठौर, प्रिंस गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, शुभम शर्मा, रबी गुप्ता एवं अतुल गुप्ता शामिल हैं।

सनी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि उनका यह कदम किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि संगठन की मूल विचारधारा और पारदर्शी कार्यप्रणाली की रक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने भविष्य में समाज और हिंदू हितों से जुड़े कार्य निरंतर जारी रखने की बात भी कही।

इस सामूहिक इस्तीफे के बाद जिले के राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।