फर्रुखाबाद: मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को तेज करने के निर्देश, भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता की समीक्षा बैठक

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 दिसंबर 2025 भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता सोमवार को एकदिवसीय जनपद प्रवास पर फर्रुखाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संघात्मक बैठक के अंतर्गत मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए अमृतपुर विधानसभा के नीमकरोली मंडल एवं सदर विधानसभा की अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लिया।

अमृतपुर विधानसभा के नीमकरोली मंडल की समीक्षा बैठक संकिसा स्थित पंचायत भवन में आयोजित हुई, जबकि सदर विधानसभा की बैठक आवास विकास स्थित भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। संकिसा पंचायत भवन में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान पूरे जनपद में चलाया जा रहा है, लेकिन अमृतपुर विधानसभा के नीमकरोली मंडल के कई बूथों पर कार्य 50 प्रतिशत से भी कम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल बैठक में चुनाव आयोग से प्राप्त डाटा के अनुसार भी नीमकरोली मंडल में अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई है।

प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि 11 दिसंबर अभियान की अंतिम तिथि है, उससे पूर्व सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर युद्ध स्तर पर जुटकर अभियान को गति देनी होगी। विशेष रूप से नीमकरोली मंडल के सिरौली गांव में 50 प्रतिशत से भी कम प्रगति होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तीन दिनों के भीतर सभी कमजोर बूथों पर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अनुसूचित वर्ग के भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अनुसूचित बहुल क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ें। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 6 दिसंबर को अंबेडकर निर्माण दिवस के अवसर पर की गई घोषणा की जानकारी भी जन-जन तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी अंबेडकर प्रतिमाओं को संरक्षित किया जाएगा तथा जहां छत या बाउंड्री वॉल नहीं है, वहां निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा का सम्मान करती है और उनके सिद्धांतों पर चलकर संवैधानिक ढांचे को मजबूत करने का कार्य कर रही है।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि जिन बूथों पर अभियान शिथिल पड़ा है, वहां कार्यकर्ता टोली बनाकर निकलें और कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीन दिनों के भीतर अभियान को शत-प्रतिशत पूर्ण करना है और इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी विरोधी दल का कार्यकर्ता फर्जी वोट बनवाने का प्रयास न कर सके।

इस अवसर पर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित, अभियान संयोजक जय गंगवार, जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे, जिला मंत्री गोपाल राठौर, अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष रिशिपाल सिसोदिया, अमृतपुर पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह, डॉ. अभिषेक ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।