फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों को दिए गए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 सितंबर 2025 मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अन्तर्गत पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कानपुर रेंज श्री हरीश चन्दर ने पुलिस लाइन सभागार, फतेहगढ़ में विशेष बैठक आयोजित की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ सुश्री आरती सिंह सहित जनपद के सभी थाना/कोतवाली प्रभारी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी, कर्मचारीगण एवं एंटीरोमियो टीम मौजूद रही।

बैठक में डीआईजी श्री हरीश चन्दर ने मिशन शक्ति अभियान के सफल क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान कानून-व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई और सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सुश्री आरती सिंह ने मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना आवश्यक है। उन्होंने एंटीरोमियो टीमों को विशेष सतर्कता बरतने और आम जनता को मिशन शक्ति के प्रति जागरूक करने का भी आह्वान किया।

इस बैठक के माध्यम से स्पष्ट किया गया कि मिशन शक्ति अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक ठोस पहल है।