फर्रुखाबाद: महिला की जमीन पर कब्जा दिलाने के आरोपी दरोगा गिरीश कुमार को पुलिस अधीक्षक ने किया लाइन हाजिर।

फर्रुखाबाद:( द दस्तक 24 न्यूज़) 22 नवम्बर 2025 जिला पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने महिला की जमीन पर कब्जा करवाने के गंभीर मामले में सख्त रुख अपनाते हुए थाना नवाबगंज में तैनात उप निरीक्षक गिरीश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। आरोप है कि दरोगा ने चंपुरा रोड पर रहने वाली सावित्री देवी की जमीन पर जोधा नगला निवासी तेज सिंह को कब्जा दिलाया था।

किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य और जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने बताया कि जमीन पर अवैध कब्जा कराने के लिए दरोगा ने पीड़ित पक्ष के एक व्यक्ति को थाने में बैठा भी लिया था। जैसे ही मामला तूल पकड़ा, किसान यूनियन ने थाने का घेराव करने की घोषणा कर दी थी।

स्थिति को गंभीर होता देख बुधवार देर रात पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने किसान यूनियन के नेताओं को बुलाकर वार्ता की। नेताओं ने दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग रखी, जिसके बाद एसपी ने उप निरीक्षक गिरीश कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।

इसी के साथ उन्होंने एसओजी में तैनात मुख्य आरक्षी बलवीर सिंह और आरक्षी विनोद कुमार को भी लाइन भेजने का आदेश जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि उप निरीक्षक गिरीश कुमार का रिटायरमेंट 30 नवंबर को होने वाला है।एसपी की इस कार्रवाई को किसान यूनियन ने पीड़ित पक्ष के लिए बड़ी राहत बताते हुए सराहा है। जिले में पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच यह कदम प्रशासन के सख्त और निष्पक्ष रुख को दर्शाता है।