फर्रूखाबाद: गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मंगलवार को पांचाल घाट पर विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की प्रतिमा विसर्जन स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन के समय सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को विशेष रूप से सतर्क रहने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी इंतजामों की समीक्षा भी की। इसके पश्चात जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नौगवां पांचाल घाट और फतेहगढ़ बाजार स्थित गणेश पंडालों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजकों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शांतिपूर्ण ढंग से गणेश उत्सव संपन्न कराने की अपील की। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।