फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अक्टूबर 2025 आगामी छठ पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को पांचाल घाट पहुँचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बैकअप के रूप में जनरेटर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि पूरे घाट क्षेत्र को झालरों से सजाया जाए, नदी के किनारों पर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मेडिकल कैम्प लगाने, एम्बुलेंस की तैनाती, घाट क्षेत्र का समतलीकरण और साफ-सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नदी में नाव, नाविक और गोताखोरों की तैनाती करने तथा बोट द्वारा पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी (सदर), क्षेत्राधिकारी (सदर), अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
छठ महापर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे श्रद्धालुओं को सुचारु, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर मिल सके।
