फर्रुखाबाद:मोहम्मदाबाद के ग्राम लगुनावरी में सर्पदंश से मासूम अन्शी की दर्दनाक मौत।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जुलाई 2025 जनपद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम लगुनावरी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। विकास की नन्हीं सुपुत्री अन्शी का सर्पदंश के कारण आकस्मिक निधन हो गया। यह हृदयविदारक घटना रविवार को हुई, जिसने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया।

परिजनों के अनुसार, अन्शी सामान्य दिनों की तरह खेल रही थी, तभी अचानक एक विषैले सर्प ने उसे डस लिया। तत्काल परिजन उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दुर्भाग्यवश चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्शी की असमय मृत्यु से पूरे परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस असहनीय क्षति पर मर्माहत है। स्थानीय प्रशासन को सूचना दे दी गई है, और पंचायत स्तर से भी संवेदना व्यक्त की गई है। सामाजिक कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सरकारी राहत योजनाओं के तहत मदद दी जाए।