फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अक्टूबर 2025 महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह ने आज वन स्टॉप सेंटर फतेहगढ़ का भ्रमण किया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं (1090, 181, 112 आदि) तथा आत्मरक्षा के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर महिला को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए ताकि वह किसी भी परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रख सके।”
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं के हित में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की टीम को निर्देश दिए कि हर पीड़ित महिला को त्वरित सहायता, परामर्श और कानूनी मदद उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने आत्मरक्षा के कुछ व्यवहारिक उपायों का प्रदर्शन भी किया। महिलाओं ने अधिकारियों से खुलकर अपने विचार साझा किए और मिशन शक्ति अभियान की सराहना की।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।
