फर्रुखाबाद:ओबीसी पर हो रहे अत्याचार के विरोध में भारतीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2025 आज जिला मुख्यालय में भारतीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा (OBC) के बैनर तले एक अहम प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान ओबीसी समाज पर हो रहे कथित अत्याचारों और सामाजिक-राजनीतिक उपेक्षा के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट श्री संजय बंसल को सौंपा गया।

प्रदर्शन में जिलेभर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि ओबीसी समाज को उसके संवैधानिक अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा दी जाए, साथ ही आरक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और किसी भी प्रकार के भेदभाव की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष मोर्चा फर्रुखाबाद श्री मोहनलाल वर्मा ने किया। उनके साथ प्रमुख रूप से धनी रामपाल एडवोकेट, रामनिवास कठेरिया, राधेश्याम अलबेला, बृजनंदन लाल राजपूत, राजू सक्सेना, राजबहादुर वाल्मीकि, रामसागर राठौर, मूंगा लाल वर्मा, रामतीरथ वर्मा, राज बहादुर वर्मा, आवेश कुशवाह, विनय राजपूत, चंदन श्रीवास्तव, जतिन सक्सेना, लालू कुशवाहा (प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य) आदि ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज भी समाज में ओबीसी वर्ग के साथ शैक्षणिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में भेदभाव हो रहा है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह ओबीसी समाज के हक और हित में प्रभावी कदम उठाए।

★ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्न मांगें रखी गईं:

ओबीसी आरक्षण की समीक्षा कर वास्तविक लाभार्थियों को लाभ दिलाना।

सामाजिक उत्पीड़न की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई।

ओबीसी जनगणना रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

स्थानीय प्रशासन में ओबीसी अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन सौंपने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट श्री संजय बंसल ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और प्रशासन के माध्यम से एक स्पष्ट संदेश दिया कि ओबीसी समाज अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक है और संगठित होकर संघर्ष के लिए तैयार है।