फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 नवंबर 2025 को यातायात माह के अंतर्गत संकेत राजकीय विद्यालय, फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षक तकनीक CPR (Cardio Pulmonary Resuscitation) के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर एवं यातायात प्रभारी द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में बेहद आवश्यक यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि—सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें। बाइक चलाते समय हेलमेट तथा कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
तेज गति व मोबाइल फोन का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए इनसे बचें। ट्रैफिक संकेतों की समझ रखने से दुर्घटनाओं में बड़ी कमी आती है।
इसके अलावा, किसी व्यक्ति की सांस या दिल रुक जाने पर जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रिया CPR को बच्चों को सरल भाषा में समझाया गया। अधिकारियों ने व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि किस प्रकार सही तरीके से CPR देने से आपातकाल में किसी की जान बचाई जा सकती है।
विद्यालय प्रशासन ने ऐसे कार्यक्रमों को बेहद उपयोगी बताया और कहा कि इससे बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा वे स्वयं भी दूसरों को जागरूक करेंगे।
यातायात विभाग द्वारा यातायात माह 2025 के दौरान जिले में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।
